अलग तस्वीरः शुभेंदु अधिकारी को योगी ने दिया खास तोहफा! शपथ के तुरंत बाद पहनाया अपना भगवा गमछा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बना। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ सत्ता परिवर्तन का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि कई प्रतीकात्मक संदेशों से भी भरपूर रहा। समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने राजनीतिक गलियारों में खास चर्चा छेड़ दी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे तो योगी ने अपना भगवा गमछा उतारकर शुभेंदु अधिकारी को पहनाया। इसे भाजपा की वैचारिक एकजुटता और बंगाल में भगवा राजनीति के विस्तार का बड़ा संकेत माना जा रहा है। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस पल का जोरदार स्वागत किया। इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य पूरे समारोह का सबसे चर्चित क्षण बन गया। इसके बाद शुभेंदु ने मंच पर मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की और सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि बंगाल की राजनीति में शुभेंदु अधिकारी का नाम बेहद दिलचस्प रहा है। उनका राजनीतिक सफर नंदीग्राम आंदोलन से उभरा, जिसने उन्हें राज्य की राजनीति का बड़ा चेहरा बना दिया। पूर्व मेदिनीपुर के प्रभावशाली अधिकारी परिवार में जन्मे शुभेंदु बचपन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के माने जाते हैं। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि निजी जीवन में सादगी और अनुशासन उनकी पहचान रही है। उन्होंने गृहस्थ जीवन से दूरी बनाए रखकर पूरी तरह राजनीति और जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। एक समय तृणमूल कांग्रेस के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में गिने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने बाद में भाजपा का दामन थामा और देखते ही देखते ममता सरकार के सबसे बड़े राजनीतिक चुनौतीकर्ता बनकर उभरे। उनकी रणनीति, संगठन क्षमता और जनसंपर्क ने भाजपा को बंगाल में ऐतिहासिक जीत दिलाई।