देहरादून की शातिर महिला! पहले पति को छोड़ बांग्लादेशी नागरिक ममून हसन से किया निकाह, फिर बनवाए फर्जी कागजात! पुलिस ने की गिरफ्तारी
देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक बांग्लादेशी नागरिक फर्जी नाम पता, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य पहचान पत्रों को बनवाकर देहरादून में अवैध रूप से रहा था। हैरानी की बात ये है कि देहरादून जनपद के त्यूनी क्षेत्र की रहने वाली महिला बांग्लादेशी नागरिक का फर्जी पहचान पत्र बनवाकर उसकी पत्नी के रूप में उसके साथ रह रही थी। पुलिस ने अब महिला और बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि फेसबुक के माध्यम से बांग्लादेशी नागरिक त्यूनी निवासी महिला के संपर्क में आया था। वो पहले महिला से मिलने 3 बार टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। साल 2022 में आरोपी और महिला अवैध तरीके से बार्डर क्रास करके बांग्लादेश गए थे। आरोपी वर्तमान में देहरादून के क्लब में महिला के पति के फर्जी पहचान पत्र के आधार पर बाउंसर का काम करता था। महिला ने कुछ लोगों से मिलकर अपने पहले पति के नाम पर आरोपी बांग्लादेशी नागरिक के सभी फर्जी प्रमाण पत्र बनवाए थे।
दरअसल कॉलोनी थाना नेहरू और एलआईयू को बीती 20 नवंबर को अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत में आकर रह रहे एक बांग्लादेशी पुरुष के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक महिला के साथ रहने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध महिला और पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुरुष ने अपना असली नाम ममून हसन निवासी मेहरपुर, बांग्लादेश बताया। जबकि महिला त्यूनी तहसील क्षेत्र की रहने वाली निकली। पूछताछ में महिला ने बताया कि वो वर्तमान में ममून हसन के साथ अलकनंदा एन्क्लेव नेहरू कॉलोनी में किराए पर रह रही है। उसने ममून हसन के भारत के फर्जी प्रमाण पत्र अपने पहले पति के नाम पर बनाए हैं। वर्तमान में वो ममून हसन के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रहे हैं। आरोपी और महिला द्वारा षड्यंत्र कर भारत के फर्जी पहचान पत्र बनवाकर अवैध रूप से भारत में निवास करने पर दोनों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से फर्जी प्रमाण/पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।