वेब सीरीज़ XXX में ऐसा क्या था कि एकता कपूर के खिलाफ पुलिस में दर्ज हुई शिकायत

बिग बॉस का चर्चित चेहरा जिसने अपने एक डायलॉग "पहली फुरसत में निकल" से बिग बॉस के घर मे तहलका मचा दिया था, याद है ना? वही वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट और यूट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ एक बार फिर चर्चा में है,उन्होंने प्रोड्यूसर और डायरेक्टर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। हिंदुस्तानी भाऊ ने खुद इस बात की जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक वीडियो शेयर कर दी है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा है कि यह शिकायत एकता कपूर और शोभा कपूर के खिलाफ सेना और राष्ट्रीय चिन्ह के अपमान के लिए कराई गई है। आपको बता दें कि हिंदुस्तानी भाऊ का असली नाम विकास पाठक है।
हिंदुस्तानी भाऊ का आरोप है कि एकता कपूर ने अपने वेब सीरीज XXX में सेना के जवान का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि एकता कपूर ने इस सीरीज में एक आर्मी जवान की कहानी दिखाई है। इसमें एक जवान सेना में है और उसकी पत्नी किसी और के साथ शारीरिक संबंध बनाती है। इस दौरान वो उसे सेना की वर्दी भी पहनाती है और फिर उसे फाड़ती है। भाऊ ने इस सीन को लेकर आपत्ति जताई है और एकता और उनकी मां के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। भाऊ ने कहा कि ये निंदनीय है, ये हमारे जवानों का अपमान है। मुझसे अफसरों ने कहा कि वो इस पर कार्रवाई करेंगे अब देखते हैं कि आगे क्या होता है'।
हिंदुस्तानी भाऊ ने जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें उन्होंने पीएम मोदी को भी टैग किया है। हालांकि इस संबंध में अभी एकता कपूर या शोभा कपूर की तरफ से कोई बयान नहीं है। वहीं पुलिस भी इस संबंध में इंतजार कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।