Welcome Sunita: सितारों के बीच से लौटी सुनीता विलियम्स! दुनिया ने किया स्वागत, समुद्र में उतरते ही स्पेसक्राफ्ट को डॉल्फिन ने घेरा

नई दिल्ली। करीब नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर समेत दो अन्य अंतरिक्ष वैज्ञानिक निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनोव सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए हैं। स्पेसएक्स क्रू-9 ड्रैगन कैप्सूल ने भारतीय समयानुसार 19 मार्च की सुबह 3ः27 बजे फ्लोरिडा के तट के पास सफल स्पलैशडाउन किया। इस दौरान समुद्र में एक और दिलकश नजारा भी देखने को मिला, जब सुनीता विलियम्स के कैप्सूल को कई डॉल्फिन मछलियों ने घेर लिया। इस दौरान डॉल्फिन का झुंड अंतरिक्ष यान के चारों ओर तैरता हुआ दिखाई दिया।
नासा के अधिकारियों ने इस ऐतिहासिक मिशन की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए बताया कि हालांकि यह मिशन आठ दिनों के लिए निर्धारित था, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते अंतरिक्ष यात्रियों को नौ महीने तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रहना पड़ा। बता दें कि अब सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को अंतरिक्ष यात्री शक्ति, कंडीशनिंग और पुनर्वास (एएससीआर) विशेषज्ञों की देखरेख में 45 दिनों के पुनर्वास से गुजरना होगा। इस पुनर्वास कार्यक्रम के पहले कुछ चरणों में चलने-फिरने, लचीलेपन, मांसपेशियों को मजबूत बनाने, व्यायाम और हृदय संबंधी कंडीशनिंग पर ध्यान दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 2024 की जून में सुनीता विलियम्स महज 8 दिनों के लिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन गई थीं। इस मिशन पर बुच विल्मोर भी उनके साथ थे। दिक्कत तब हुई जब बोइंग का जो स्टारलाइनर यान उन्हें धरती पर वापस लाने वाला था, वो खराब हो गया। इसके बाद प्रतीक्षा का लंबा दौर चला। कई बार शेड्यूल बने और आखिरकर डोनाल्ड ट्रंप की सत्ता में वापसी के बाद उन्होंने ये काम एलन मस्क को सौंपा। फिर ये मिशन 19 मार्च 2025 को पूरा हुआ। स्पेस स्टेशन से धरती पर तक की अंतरिक्ष यात्रा 17 घंटे की थी। ये यात्रा विज्ञान के चमत्कारों और इंसानी कोशिश के सफल का होने का नायाब प्रमाण है।
इस बीच व्हाइट हाउस ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ‘वादा किया गया, वादा निभाया गया’। राष्ट्रपति ट्रंप ने नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने का वचन दिया। आज वे सुरक्षित ढंग से अमेरिका की खाड़ी में उतर गए। साथ ही व्हाइट हाउस ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एलन मस्क, स्पेसएक्स और नासा को धन्यवाद कहा।