उत्तराखंड में मौसम का दोहरा रंग: मैदानों में समय से पहले गर्मी का सितम, आज 5 जिलों में बर्फबारी का अलर्ट

Uttarakhand weather is in a dual mode: premature heatwaves sweep across the plains, and snowfall alerts are issued for five districts today.

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम इन दिनों अजीबोगरीब रुख अख्तियार किए हुए है। एक तरफ जहां मौसम विज्ञान केंद्र पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान जता रहा है, वहीं दूसरी ओर हकीकत यह है कि मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मार्च के शुरुआती पखवाड़े में ही पारा सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोग समय से पहले गर्मी महसूस करने लगे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज यानी 10 मार्च को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार जताए गए हैं। हालांकि, निचले इलाकों में सूखी गर्मी का दौर जारी रहने की उम्मीद है। सोमवार के आंकड़ों ने विशेषज्ञों को भी चौंका दिया है। राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक यानी 31.0°C दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री की बढ़त के साथ 16.9°C रहा। पहाड़ों की बात करें तो मुक्तेश्वर में स्थिति और भी गंभीर दिखी, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री अधिक होकर 25.6°C तक जा पहुंचा। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने और बारिश की कमी के कारण तापमान में यह उछाल देखा जा रहा है। यदि आज पहाड़ों में बारिश नहीं होती है, तो आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है,जिसका सीधा असर कृषि और ग्लेशियरों पर पड़ने की आशंका है।