उत्तराखण्डः औली में नेशनल विंटर गेम्स का भव्य आगाज! 17 राज्यों समेत सेना और अर्धसैनिक बलों की टीमें मैदान में, पहले दिन हिमाचल का दबदबा
चमोली। हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। बर्फ से ढकी ढलानों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच शुरू हुआ यह आयोजन देशभर के शीतकालीन खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में 17 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा आईटीबीपी, सीआरपीएफ और भारतीय सेना की टीमें भी प्रतियोगिता में दमखम दिखा रही हैं।प्रतियोगिता की शुरुआत महिला वर्ग की जाइंट स्लालम रेस के साथ हुई। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने बर्फीली ढलानों पर रोमांचक प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। हिमाचल प्रदेश की टीम ने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर बढ़त बनाई और पदक तालिका में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। आने वाले दिनों में स्लालम, अल्पाइन और अन्य स्कीइंग इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश के बेहतरीन स्कीयर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड केवल आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहर के लिए ही नहीं, बल्कि साहसिक खेलों और एडवेंचर टूरिज्म के लिए भी तेजी से पहचान बना रहा है। मंत्री ने बताया कि 13 से 16 फरवरी तक चलने वाले इस विंटर कार्निवल में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य, संगीत प्रस्तुतियां और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक समग्र उत्सव के रूप में विकसित किया गया है, जिससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी राष्ट्रीय मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं। होमस्टे, होटल, ट्रैवल ऑपरेटर, स्थानीय हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायों को सीधा लाभ पहुंचता है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था भी सशक्त होती है। सरकार का लक्ष्य औली को एक स्थायी विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है, जहां हर साल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें।