उत्तराखण्डः पालिका भवन में नमाज पढ़ने का मामला! प्रशासन ने सुलझाया विवाद, अपने घरों में ही नमाज पढ़ेंगे मुस्लिम
चमोली। ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़ने के मामले में उपजा विवाद अब प्रशासन ने सुलझा लिया है। पालिका की ओर से भवन पर ताला लगा दिया गया है और मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों पर ही नमाज पढ़ेंगे। बता दें कि गुरूवार को ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के भवन में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद खासी गहमा-गहमी देखने को मिली थी। इसपर हिन्दूवादी संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की थी। इधर मामला तूल पकड़ता देख नगर पालिका की बृहस्पतिवार देर शाम को तुरंत बोर्ड बैठक हुई, जिसमें इस भवन पर ताला लगाने और मुस्लिम समुदाय को नमाज पढ़ने के लिए अपनी व्यवस्था करने को कहा गया। एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके लिए नगर पालिका से हॉल के लिए विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। उस स्थान को बंद कर दिया गया है। यह निर्णय लिया गया कि मुस्लिम अपने घरों में नमाज अदा करेंगे, इसपर मुस्लिम समुदाय ने सहमति दी है। नगर में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। किसी भी तरह से माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी के साथ ज्योतिर्मठ थाने को नगर में बाहर के शत प्रतिशत लोगों का सत्यापन करने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि किसी एजेंसी के पास कोई कर्मचारी मिलते हैं जिनका सत्यापन नहीं कराया गया है तो मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवास पर पढ़ी गई।