उत्तराखण्डः रुद्रपुर में कथित ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर बढ़ी हलचल! पुलिस ने शुरू की जांच, सामाजिक संगठनों ने खोला मोर्चा
रुद्रपुर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक युवती से जुड़े कथित धर्म परिवर्तन और प्रेम प्रसंग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर जहां स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं, वहीं कुछ सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आवास विकास चौकी में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी रुद्रपुर वैभव सैनी ने बताया कि प्रकरण संवेदनशील है और इसकी हर पहलू से निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पक्षों की जांच कर रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवती पर कथित रूप से दूसरे धर्म को अपनाने का दबाव बनाया गया और उसे धार्मिक वीडियो तथा अन्य सामग्री भेजकर प्रभावित करने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।