Sep 23, 2026 Login

उत्तराखण्डः देहरादून में सनसनीखेज वारदात! कहासुनी के बाद विवाद, सीने में चाकू मारकर युवक की हत्या

Uttarakhand: Sensational incident in Dehradun! Youth stabbed to death in the chest following an altercation.

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में कहासुनी के बाद हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि पीलीभीत जिले के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने विवाद के दौरान राजपाल पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से जमनपुर क्षेत्र में विवाद और युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां राजपाल गंभीर हालत में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने राजपाल पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस का कहना है कि गंभीर चोट लगने के बाद राजपाल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जितेंद्र मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10 से 15 दिन पहले भी विवाद हुआ था। बताया गया है कि उस समय दोनों के बीच पीने-खाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।