Aug 19, 2026 Login

उत्तराखंड: मुस्लिम यूनिवर्सिटी विवाद पर गरजे प्रीतम सिंह! बोले-“हरीश रावत का बयान दिखा दो, राजनीति छोड़ दूंगा”

Uttarakhand: Pritam Singh lashed out at the Muslim University controversy, saying, "Show me Harish Rawat's statement and I'll quit politics."

देहरादून। उत्तराखंड में कथित मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि अगर कोई हरीश रावत का इस मुद्दे पर बयान दिखा दे, तो वे राजनीति छोड़ देंगे।

कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे विषय को जबरन उछाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर लगाया गया आरोप पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। प्रीतम सिंह ने वर्ष 2002 का हवाला देते हुए कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब शैक्षिक संस्थानों को भूमि लीज पर दी गई थी। यह एक सामान्य प्रक्रिया रही है, जिसका पालन सभी सरकारें करती आई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जाती है, तब कोई सवाल नहीं उठाता, लेकिन शिक्षा संस्थानों को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने डाकपत्थर में जमीन कौड़ियों के दाम पर बेची है। साथ ही मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में अरबों की संपत्ति को भी कम कीमत पर दिए जाने का आरोप लगाया। प्रीतम सिंह ने कहा कि इन मामलों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कुल मिलाकर मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।