उत्तराखण्डः गृहमंत्री शाह के दौरे को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज! व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी, पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट

Uttarakhand: Preparations are in full swing in Haridwar for Home Minister Shah's visit! CM Dhami arrives to review arrangements, police and administrative staff on alert.

हरिद्वार। गृहमंत्री अमित शाह आगामी 7 मार्च को उत्तराखण्ड आ सकते हैं। उनका हरिद्वार दौरा प्रस्तावित है, जिसे लेकर शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मंच, सभा स्थल, पार्किंग और वीआईपी आगमन मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को साफ सफाई, पेयजल, बिजली और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल रहे। दरअसल उत्तराखंड सरकार के 4 साल पूरे होने पर हरिद्वार में 4 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन बड़े पैमाने पर होने जा रहा है। 7 मार्च को आयोजित होने जा रहे इस बृहद कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शिरकत करेंगे।