नैनीतालः मुक्तेश्वर में छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद जबरदस्त हंगामा! ग्रामीणों ने मनचलों को सिखाया सबक, मुंह पर कालिख पोत लगाई बिच्छू घास

Nainital: Massive uproar in Mukteshwar following the molestation of female students! Villagers taught the harassers a lesson by smearing soot on their faces and rubbing them with stinging nettles.

नैनीताल। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में शनिवार को छात्राओं और युवतियों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आने के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से गांव में पहुंचे दो युवकों ने रास्ते से गुजर रही छात्राओं के साथ अभद्र टिप्पणियां कीं और कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। युवतियों ने जब युवकों की हरकतों का विरोध किया तो मामला बढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवतियों ने दोनों युवकों को बीच सड़क पर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी युवकों की कथित तौर पर धुनाई की। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवकों को सबक सिखाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवकों का मुंह काला कर उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार को कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने कथित तौर पर छात्राओं के साथ अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। आरोप है कि युवकों की हरकतें लगातार बढ़ती गईं। शुरुआत में छात्राओं ने उनकी बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब अभद्रता की सीमा बढ़ गई तो उन्होंने इसका विरोध किया। बताया जाता है छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों को रोक लिया। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। छात्राओं द्वारा युवकों को पकड़ने और उनकी पिटाई किए जाने की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवतियों से कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर आक्रोश जताया। ग्रामीणों का आरोप था कि बाहरी क्षेत्र से आए युवकों ने गांव की छात्राओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद ग्रामीणों ने भी दोनों युवकों की कथित तौर पर पिटाई कर दी। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों की भीड़ के बीच दोनों युवकों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवकों को सबक सिखाने के लिए उनका मुंह काला किया गया और बिच्छू घास भी लगाई गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक कहां के रहने वाले हैं और किस उद्देश्य से गांव में आए थे।