उत्तराखण्डः कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ा हादसा! चार कांवड़ियों की गंगा में डूबने से मौत, शव बरामद! पसरा मातम
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ यात्री डूब गए। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को गंगनहर से बाहर निकाला गया, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम जटवाड़ा पुल के पास चार युवकों के गंगनहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों ने तत्काल गंगनहर में सर्च अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय शिवांशु पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश, निवासी सेक्टर-16/30, चंडीगढ़ तथा रोहित पुत्र भवानी प्रजापति निवासी सेक्टर-26, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चारों युवक कांवड़ यात्रा के सिलसिले में हरिद्वार आए थे और गंगनहर में स्नान के दौरान हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हादसे के बाद कांवड़ यात्रा के दौरान नदी और गंगनहर में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन ने अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, इस दुखद घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।