उत्तराखण्डः चारधाम यात्रा के बीच बड़ा हादसा! बदरीनाथ जा रहा टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत! 17 घायल

Uttarakhand: Major accident during Chardham Yatra! Tempo traveler going to Badrinath overturns, female devotee killed, 17 injured

चमोली। उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा के बीच शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोशीमठ के समीप पैनी नामक स्थान पर गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। वाहन गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए जा रहा था। शुक्रवार तड़के जब वाहन जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में पहुंचा, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग किया। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा और अन्य वाहनों की मदद से निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस दर्दनाक हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला श्रद्धालु आरती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं अन्य घायल यात्रियों का उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी, चालक की थकान और सड़क की स्थिति सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।