उत्तराखण्डः कुल्हाल गेट पर बैरिकेडिंग तोड़ने का मामला! अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, लगे गंभीर आरोप
देहरादून। बीते गुरुवार को रात के समय चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए निहंग सिखों के पहले जत्थे ने बैरिकेडिंग के बावजूद कुल्हाल बैरियर तोड़कर उत्तराखंड में जबरन प्रवेश कर लिया था। इस मामले में अब बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में थाना विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि बड़ी संख्या में निहंगों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने, पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करने, हथियार लहराकर भय फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं हुईं हैं। जानकारी के अनुसार एफआईआर में सोशल मीडिया के माध्यम से 25 जून को अधिक से अधिक पंजाब से निहंगों सिखों से कर्णप्रयाग पहुंचने की अपील की गई थी। सूचना मिलने के बाद हिमाचल-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित कुल्हाल गेट बैरियर पर कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने निहंग सिखों से शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने की अपील की थी, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। वार्ता विफल होने के बाद निहंग सिख बैरिकेडिंग तक पहुंचे और तलवार, कृपाण, फरसे, भाले व अन्य हथियार लहराते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए। इस दौरान बैरिकेडिंग के आसपास खड़े वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।