उत्तराखंड HC:नैनीताल दूध संघ में फर्जीवाड़े और घटिया दूध की सप्लाई पर हाईकोर्ट सख्त,जारी किया नोटिस
उत्तराखंड हाई कोर्ट में नैनीताल दूध संघ में फर्जीवाड़े और घटिया दूध की सप्लाई के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर आज सुनवाई हुई। मामले में हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने वर्तमान सचिव, चेयरमैन को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जवाब पेश करने को कहा है। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने 4 सप्ताह बाद की तिथि नियत की है।
आपको बता दें कि लाल कुआं निवासी नरेंद्र सिंह कार्की ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ में चरम सीमा पर भ्रष्टाचार कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है,जिसमें प्रदेशवासियों को अधोमानक दूध की सप्लाई की जा रही है,जिसके पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। वर्ष 2020 के अंतिम 3 माह में लगभग 48 टैंकर करीब 5 हजार लीटर दूध जांच के दौरान सभी मांगों में फेल होने के बावजूद प्रदेश भर में दूध की सप्लाई की गई। याचिकाकर्ता का यह भी कहना है कि दुग्ध उत्पादन संघ के चेयरमैन फर्जी तरीके से मेंबरशिप अर्जित कर चेयरमैन बने हुए है। उन्होंने कभी भी संघ के लिए दूध की सप्लाई नहीं की है। चेयरमैन पर यह भी आरोप है कि दुग्ध सप्लाई के लिए जिन टैंकरों का उपयोग किया जा रहा है उनका ठेका अपने भाई के नाम से लिया हुआ है।