उत्तराखंड: कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज, पीएम मोदी का मिला संदेश, कई अहम फैसले होंगे
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक बुधवार को सचिवालय में शुरू हो गई। बैठक की शुरुआत नए मंत्रियों के स्वागत के साथ हुई, जहां मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश की जानकारी मंत्रिमंडल को दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सचिवालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग और राज्य कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन विषयों पर सरकार बड़े फैसले ले सकती है, जिनका सीधा असर प्रदेश की जनता पर पड़ेगा। कैबिनेट विस्तार के बाद यह पहली बैठक होने के कारण इसे खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद सरकार की कार्यशैली और प्राथमिकताओं की दिशा भी इसी बैठक से स्पष्ट होगी। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से समन्वय के साथ कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि बैठक के बाद सरकार कुछ बड़े फैसलों की घोषणा कर सकती है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को राहत मिल सकेगी।