Sep 09, 2026 Login

उत्तराखंडः कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषित! 24 उपाध्यक्ष, 34 महासचिव और 65 सचिवों की नियुक्ति

Uttarakhand: Congress Minority Department announces state executive committee! 24 Vice-Presidents, 34 General Secretaries, and 65 Secretaries appointed.

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया है। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की रणनीति के तहत प्रदेश स्तर पर नए पदाधिकारियों की घोषणा की है। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव समेत प्रवक्ताओं और सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी तय की गई है। प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष सुलेमान अली ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। घोषित कार्यकारिणी के अनुसार अल्पसंख्यक विभाग में 24 प्रदेश उपाध्यक्ष, 34 महासचिव, 65 सचिव, पांच प्रवक्ता और एक सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस नेतृत्व का जोर आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर है। अल्पसंख्यक विभाग के मुताबिक प्रदेश कार्यकारिणी के बाद अब जिला, महानगर और एडवाइजरी कमेटी की घोषणा की जानी है। इन समितियों के गठन की तैयारियां लगभग पूरी होने की बात कही गई है। इनके गठन के बाद संगठन को जिला और स्थानीय स्तर तक और अधिक सक्रिय करने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अली ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी। ऐसे में कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग अब आगामी चुनाव को लेकर अपनी गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है।