उत्तराखंड: 20 मार्च को खत्म होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, 20 अप्रैल तक घोषित होगा रिजल्ट

Uttarakhand: Class 10 and 12 exams to conclude on March 20; results to be declared by April 20.

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 20 मार्च को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद छात्रों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि परिणाम 20 अप्रैल तक घोषित करने की तैयारी है। यह जानकारी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दी।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के अनुसार परीक्षाओं के सफल संचालन के बाद अब मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में लिखित उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन हेतु 39 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं मूल्यांकन के लिए कुल 29 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें गढ़वाल मंडल में 16 और कुमाऊं मंडल में 13 केंद्र शामिल हैं। पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिषद का कहना है कि पूरी प्रक्रिया की सख्त निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हुई थीं। हाईस्कूल में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं, जबकि इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि समयबद्ध तरीके से कॉपियों का मूल्यांकन पूरा कर परिणाम घोषित किया जाए, ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इस बार परिणाम समय से जारी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।