Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड चारधाम यात्रा: अब तक 10 लाख पंजीकरण, सीएम धामी बोले-श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

Uttarakhand Char Dham Yatra: 1 Million Registrations So Far; CM Dhami Says—Pilgrims' Comfort and Safety Are the Highest Priority.

देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अब तक करीब 10 लाख श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के विश्राम गृहों में लगभग पांच करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी है। मंगलवार को यात्रा तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि आगामी यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में धामों के कपाट बंद होने के तुरंत बाद ही सरकार ने 2026 की यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस बार सड़क, अवस्थापना विकास, आवास, परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आपदाओं के चलते करीब डेढ़ माह तक यात्रा प्रभावित रही थी, बावजूद इसके 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए। इस अनुभव से सीख लेते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन सरकार की प्राथमिकता हर श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, आपदा के पूर्वानुमान की जानकारी भी समय-समय पर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे सुरक्षित यात्रा कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे स्वयं यात्रा शुरू होने से पहले मार्गों का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल सामान्य परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की संख्या पर किसी प्रकार की कैपिंग लागू करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सहज, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन का अवसर मिले। चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, पर्यटन और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, ऐसे में इस बार सरकार इसे और बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है।