उत्तराखण्डः ‘सालों’ शब्द को लेकर घिरे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट! सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, गरमाई सियासत
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बयान के बाद महेन्द्र भट्ट कथित तौर पर ‘सालो’ शब्द को लेकर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस मामले में प्रदेश की सियासत भी गरमाती नजर आ रही है। दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट आज धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन को लेकर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई और वह ‘सालांे’ शब्द बोल बैठे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो गया। महेन्द्र भट्ट अपने बयान में कह रहे हैं कि जंतर-मंतर का आंदोलन पूरी तरह छात्रों को गुमराह करके किया गया था। उन्होंने कहा कि जब किसी बात को ठीक प्रकार से पहुंचाने में क्षमता नहीं हो पाती है, तब इस प्रकार के दुष्परिणाम भी देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने छात्र हित में बड़ा निर्णय लिया है और जो छात्र घरों में भी थे, जिनको ‘सालों’ को कोई लेना-देना नहीं था उनको भी एक अच्छा मैसेज देने का काम किया। वहीं उन्होंने कहा कि यह छात्र हित में लिया गया कठिन फैसला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हमेशा जनता की भावनाओं को सर्वोपरि मानकर निर्णय लेती है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा शुरू से यह कहती रही है कि पेपर लीक मामले को लेकर चलाए गए आंदोलन में कई स्तरों पर छात्रों को गुमराह करने का प्रयास किया गया।