उत्तराखण्डः पार्क का नामोनिशान नहीं और हो गया सौंदर्यीकरण! रुड़की के भगतोवाली में बड़े घोटाले का आरोप, विकास कार्यों पर उठे सवाल
रुड़की। रुड़की की झबरेड़ा विधानसभा के भगतोवाली गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने विकास कार्यों की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि जिस अंबेडकर पार्क का गांव में अस्तित्व ही नहीं है, उसी के सौंदर्यीकरण के नाम पर सरकारी धन खर्च दिखा दिया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से पूरा खेल किया गया और मामला सामने आते ही सूचना वाला बोर्ड भी हटवा दिया गया। अब शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुकी है, लेकिन कार्रवाई का इंतजार जारी है। भगतोवाली गांव निवासी एडवोकेट निशु कुमार का आरोप है कि गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क मौजूद ही नहीं है। इसके बावजूद राज्य वित्त योजना के अंतर्गत पार्क के सौंदर्यीकरण का बोर्ड लगाया गया। बोर्ड पर ब्लॉक प्रमुख का नाम, प्रस्तावक के रूप में बीडीसी और ग्राम प्रधान का नाम दर्ज था। शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ। जब उन्होंने ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख से जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि बोर्ड गलती से लगाया गया था। इसके बाद जल्दबाजी में बोर्ड भी हटा दिया गया, जिसकी वीडियो उनके पास मौजूद होने का दावा किया जा रहा है। निशु कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत पूरे मामले की जानकारी मांगी तो उन्हें सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके खिलाफ उन्होंने प्रथम अपील दायर की है जिसकी सुनवाई एक जुलाई को प्रस्तावित है। उनका कहना है कि वह इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाकर जिम्मेदार लोगों की भूमिका उजागर करेंगे। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया आना बाकी है।