उत्तराखण्डः उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज! मुख्यमंत्री और नाबालिग लड़की पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों को लेकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। देहरादून के कोतवाली पटेल नगर में उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। एक महिला ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उसके और मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। शिकायत में महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा परिवार को जान से मरवाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, देवऋषि एनक्लेव, देहरखास निवासी महिला ने 12 सितंबर को कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर को अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर महिला की मुख्यमंत्री के साथ वाली प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। महिला का आरोप है कि टिप्पणी करने के साथ ही उसका मोबाइल नंबर भी फेसबुक के माध्यम से सार्वजनिक कर दिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान उसके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी का विरोध किया तो कथित तौर पर उसे धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। महिला का आरोप है कि उर्मिला सनावर ने दूसरी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल करते हुए उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी आपत्तिजनक और मानसिक आघात पहुंचाने वाली टिप्पणी की। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। शिकायत में एक अन्य गंभीर आरोप भी लगाया गया है। महिला के मुताबिक, उसकी एक मित्र को फोन कर कथित तौर पर उसे और उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने इन घटनाओं को अपने परिवार की सुरक्षा से जोड़ते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।