Sep 13, 2026 Login

उत्तराखण्डः कैंची धाम पहुंचीं ‘हनुमान अंश’ फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर! बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में टेका माथा

Uttarakhand: Anupriya Nagar, producer of the film ‘Hanuman Ansh’, visits Kainchi Dham! She paid her respects at the shrine of Baba Neem Karoli Maharaj.

नैनीताल। देश-विदेश में चर्चा बटोर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर रविवार को नैनीताल पहुंचीं। महज 21 वर्ष की उम्र में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाली अनुप्रिया नागर ने परिवार और सहयोगियों के साथ विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया और कैंची धाम की आध्यात्मिक महिमा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कैंची धाम पहुंचने के दौरान अनुप्रिया नागर ने यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल एवं उत्तराखंड पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कैंची धाम में देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे इंतजामों की प्रशंसा की। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद फिल्म की युवा प्रोड्यूसर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर भी चर्चा हुई।

अनुप्रिया नागर ने एसएसपी को फिल्म की विषयवस्तु, उद्देश्य और इसके निर्माण से जुड़े प्रयासों के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। शिष्टाचार भेंट के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने युवा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, उनके परिवारजनों और सहयोगियों को सम्मानित किया। एसएसपी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया तथा फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अनुप्रिया नागर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम जैसी धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जगह पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा नीम करौली महाराज की पावन भूमि पर पहुंचकर दर्शन करना अपने आप में सौभाग्य की बात है। इस दौरान फिल्म ‘हनुमान अंश’ की युवा प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर की कैंची धाम यात्रा धार्मिक आस्था के साथ फिल्म जगत और उत्तराखंड के प्रसिद्ध आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के जुड़ाव को भी सामने लाती नजर आई।