दुखद समाचारः नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन! शोक की लहर
नैनीताल। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन की दुखद खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि उनका निधन हृदयाघात के कारण हुआ। उनके निधन की खबर से सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और पत्रकारों में गहरा शोक व्याप्त है। गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गिरिजा शंकर जोशी अपने सहज व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और पत्रकारों के साथ समन्वय के लिए जाने जाते थे। उन्होंने करीब पौने तीन वर्ष तक चम्पावत जिले में सेवा देने के बाद नैनीताल जिला सूचना अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली थी। नैनीताल में तैनाती के बाद वे लगातार जिलेभर से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं जनहितकारी सूचनाओं को पत्रकारों तक पहुंचाने में सक्रिय रहे। यहां तक आज निधन से पूर्व भी वो जिला सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप पर समाचार इत्यादि भेजने में सक्रिय दिखाई दिए थे। उनके निधन को सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने गहरी संवेदना व्यक्त की। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।