उत्तराखण्डः सहायक अभियंता वरिष्ठ सूची को लेकर आक्रोश! उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर संगठन का प्रदर्शन जारी, आर-पार की लड़ाई का ऐलान

देहरादून। सहायक अभियंता वरिष्ठ सूची को लेकर उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर संगठन द्वारा आज दूसरे दिन भी ऊर्जा भवन में विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन के सदस्यों ने भारी संख्या में ऊर्जा भवन मुख्यालय का घेराव किया एवं निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन रावत ने कहा कि संगठन के सदस्यों में कल जारी की गई सहायक अभियंता वरिष्ठ सूची को लेकर भारी आक्रोश है। निगम प्रबंधन द्वारा कल जो सहायक अभियंता वरिष्ठ सूची 2008-09 के लिए जारी की गई है उसमें उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है। 2008-09 की वरिष्ठ सूची में उन अभ्यर्थियों को भी स्थान दिया गया है जिनकी नियुक्ति 30 जून 2009 के बाद हुई है। इस कारण से उत्तराखंड मूल के अवर अभियंता जो प्रोन्नत होकर सहायक अभियंता बने थे उनको इस वरिष्ठ सूची में स्थान नहीं दिया गया, जिस कारण वह अधिशासी अभियंता नहीं बन पाएंगे। उनके स्थान पर अवर अभियन्ता से प्रोन्नत होकर सहायक अभियंता भी नही बन पाएंगे। साथ ही अवर अभियंता की खाली होने वाली 45 सीटों पर भी प्रदेश के बेरोजगार डिप्लोमाधारी युवकों को रोजगार नहीं मिल पायेगा।
केंद्रीय महासचिव नितिन तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड मूल के लोगों के साथ यह अन्याय निगम प्रबंधन की उत्तराखंड मूल के लोगों के प्रति मंशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संगठन अब से अन्य को स्वीकार नहीं करेगा और अब की बार आर पार की लड़ाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मूल के लोगों के साथ हो रहे भेदभाव और अन्याय को संगठन द्वारा मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा जाएगा।