उत्तराखण्डः बकरीद से पहले रुद्रपुर में प्रशासन का बड़ा फैसला! सिर्फ चार तय स्थलों पर ही सांकेतिक कुर्बानी! पूरे शहर पर रहेगी ड्रोन और पुलिस की पैनी नजर

Uttarakhand: Ahead of Bakrid, the administration in Rudrapur makes a major decision! Symbolic sacrifices will be allowed only at four designated locations! Drones and police will keep a close watch o

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। बकरीद को लेकर आज नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शांति व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। बैठक में तय किया गया कि इस बार शहर में केवल चार चिन्हित स्थानों खेड़ा, आदर्श कॉलोनी, सीरगोटिया और सुभाष कॉलोनी में ही सांकेतिक कुर्बानी की अनुमति होगी। प्रशासन ने साफ किया है कि प्रत्येक स्थल पर केवल एक ही कुर्बानी दी जा सकेगी और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इस बार कुर्बानी स्थलों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके अलावा पुलिस बल, नगर निगम कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती भी रहेगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि घरों में बच्चों के सामने कुर्बानी देने की परंपरा पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही यदि किसी इलाके में नालियों या सड़कों पर खून बहता दिखाई दिया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कहीं भी नियमों का उल्लंघन दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। वहीं एडीएम ने कहा कि सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।