ऊधम सिंह नगरः परिवहन विभाग का बड़ा अभियान! रुद्रपुर से खटीमा तक 35 वाहनों के चालान, 10 को किया सीज
रुद्रपुर। जनपद उधमसिंह नगर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी के निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने शुक्रवार की देर रात तक जिले के कई संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान रुद्रपुर, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज तथा खटीमा क्षेत्र में नियम तोड़कर बेधड़क दौड़ रहे वाहनों पर शिकंजा कसा गया। विभागीय टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मच गया। परिवहन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न वित्तीय और तकनीकी अनियमितताओं के पाए जाने पर कुल 35 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 10 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। सीज किए गए वाहनों में 04 भार वाहन (कमर्शियल मालवाहक) और 06 यात्री वाहन शामिल हैं। देर रात तक चले इस चेकिंग अभियान में परिवहन विभाग का मुख्य फोकस ओवरलोडिंग और बिना वैध अभिलेखों के चल रहे वाहनों पर रहा। चेकिंग के दौरान 3 भारी मालवाहक वाहन और 4 यात्री वाहन ओवरलोड ढोते हुए पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की गई। परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने किया। टीम में परिवहन उप-निरीक्षक गोकुल सुप्याल व मनोज भंडारी, परिवहन सहायक निरीक्षक महेंद्र सिंह व देवेंद्र सिंह, परिवहन आरक्षी रवि व गौरव सिंह तथा परिवहन चालक पूरन सिंह बिष्ट शामिल रहे।