दुखदः गायक जुबिन गर्ग का निधन! स्कूबा डाइविंग के वक्त हुआ हादसा, संगीत की दुनिया में पसरा मातम
नई दिल्ली। संगीत जगत से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने 52 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी मौत की खबर ने संगीत प्रेमियों और उनके फैंस को गहरा सदमा दिया है। बताया जा रहा है कि जुबिन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते समय एक हादसे का शिकार हो गए, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही जुबिन गर्ग की मौत की खबर सामने आई, उनका आखिरी वीडियो वायरल होने लगा। सिंगर का आखिरी वीडियो देख उनके फैंस काफी इमोशनल हो रहे हैं। बता दें कि जुबिन असम के लेजेंडरी गायक थे। जुबिन गर्ग के यूं अचानक दुनिया छोड़ जाने से इंडस्ट्री में शोक पसर गया है। साथ ही फैंस के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई है। चाहनेवाले अपने फेवरेट सिंगर को याद कर आंसू बहा रहे हैं। खबरों के मुताबिक सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बचाया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इंटेनसिव मेडिकल केयर मिलने के बावजूद, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। जुबिन सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने गए थे, जहां उनके आज परफॉर्म करने की योजना थी। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा और भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिट को जुबिन गर्ग के निधन की खबर दे दी गई है। 19 से 20 सितंबर तक के बीच सिंगर का पार्थिव शरीर सिंगापुर से असम लाया जा सकता है। असम में उनका अंतिम संस्कार होगा।
ठीक 24 घंटे पहले ही जुबिन गर्ग ने एक पोस्ट साझा किया था। उन्होंने अपने आखिरी पोस्ट में अपने कॉन्सर्ट की जानकारी दी थी, जो सिंगापुर में होने वाला था। जुबिन ने फैंस से गुजारिश की थी कि वो बड़ी संख्या में उनके गाने सुनने के लिए आएं। इसके साथ ही उन्होंने लंबे पोस्ट में अपने कल्चरल ट्रेडिशनल प्रोग्राम की पूरी जानकारी साझा की थी। अब ये वीडियो वायरल हो रहा है और फैंस इसके कमेंट सेक्शन में अपने फेवरेट सिंगर की आत्मा के लिए दुआ कर रहे हैं। कई लोगों ने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा कि सिंगर का इतनी जल्दी चले जाना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं। कई फैंस का कहना है कि काश वो उन्हें आखिरी बार सुन पाते।