दुखदः बेतालघाट के ऊंचाकोट गांव में पूर्व प्रधान ने जहर खाकर दी जान! गांव में पसरा मातम, पत्नी की हालत गंभीर

गरमपानी। बेतालघाट विकासखंड के ऊंचाकोट गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां गांव में दंपती ने अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ गटक लिया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही पति ने तम तोड़ दिया। वहीं पत्नी को सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हल्द्वानी रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक ऊंचाकोट गांव के पूर्व ग्राम प्रधान 52 वर्षीय विजय कुमार पुत्र हरीश चंद्र और उनकी पत्नी सुनीता देवी ने रविवार शाम को अपने घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसके बाद सुनीता ने विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी फोन पर अपने घर से कुछ दूरी पर रहने वाली अपनी देवरानी को दी। यह बात सुन देवरानी के पैरों तले जमीन खिसक गई। इस पर उसने अपने पति प्रमोद को यह बात बताई। जिसके बाद प्रमोद कुमार ने तुरंत गांव में रहने वाले होमगार्ड जवान आनंद बल्लभ शास्त्री को फोन से इस मामले की जानकारी दी और मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से होमगार्ड आनंद बल्लभ निजी वाहन से बेसुध पति-पत्नी को लेकर सीएचसी गरमपानी के लिए रवाना हुआ। इस बीच पूर्व प्रधान विजय कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबिक उनकी पत्नी सुनीता को प्राथमिक उपचार देने के बाद सीएचसी गरमपानी से 108 एंबुलेस सेवा से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सुनीता की हालत भी नाजुक बनी हुई है। घटना से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं हर कोई हैरान भी है।