हरियाणा के पर्यटकों का उत्तराखण्ड में हाईवोल्टेज हंगामा! मामूली विवाद के बाद स्थानीय लोगों पर किया जानलेवा हमला, महिला का सिर फूटा
देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों द्वारा उपद्रव और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऋषिकेश, कर्णप्रयाग और नगरासू के बाद अब प्रदेश की पर्यटन राजधानी मसूरी में भी पर्यटकों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात मसूरी के व्यस्त माल रोड पर हरियाणा से आए एक पर्यटक ने मामूली कहासुनी के बाद स्थानीय लोगों पर क्रेट से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार सोमवार रात मसूरी के माल रोड पर एक स्थानीय दंपति टहल रहे थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार तेज रफ्तार में वहां से गुजरी और दंपति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दंपति ने कार चालक से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की बात कही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इतनी सी बात पर कार सवार पर्यटक गुस्से में आगबबूला हो गया और वाहन रोककर स्थानीय लोगों से बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पर्यटक ने सड़क किनारे एक दुकान के बाहर रखी प्लास्टिक की क्रेट उठा ली और उसे हथियार की तरह इस्तेमाल करते हुए लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। उसने क्रेट से कई लोगों के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला के सिर पर भी जोरदार वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पर्यटक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायल महिला सहित अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी पर्यटक लोगों पर क्रेट से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पर्यटक शराब के नशे में धुत था और विवाद के दौरान लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्यटन सीजन के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटक शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों और अन्य पर्यटकों की सुरक्षा प्रभावित होती है। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पर्यटक को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उसके वाहन की जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन भी पाए गए, जिसके चलते कार का चालान भी किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।