हाईवे पर कप्तान साहब की ‘रेड’: रात के अंधेरे में कानून व्यवस्था परखने खुद सड़कों पर उतरे SSP अजय गणपति! चेकिंग प्वाइंटों पर खुली लापरवाही की पोल, 9 निलंबित, 4 से मांगा स्पष्टीकरण
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने मंगलवार देर रात स्वयं हाईवे पर उतरकर औचक निरीक्षण किया। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस की सतर्कता और चेकिंग व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी निजी वाहन से विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताई। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने तत्काल बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। पुलिस के अनुसार, 4/5 अगस्त 2026 की रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की और इसके बाद वाहन काशीपुर की ओर जाता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी कर सघन वाहन चेकिंग के निर्देश जारी किए। इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए देर रात करीब 12 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के निजी वाहन से हाईवे का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। उन्होंने महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर सहित विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई स्थानों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्ती दल के पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी मौजूदगी की गलत लोकेशन भी बताई, जबकि वे निर्धारित स्थान पर नहीं मिले। इससे यह स्पष्ट हुआ कि चेकिंग अभियान के दौरान ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही बरती जा रही थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए। इसके अलावा 4 अन्य पुलिसकर्मियों से जवाब.तलब करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पालन करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी में शिथिलता बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।