सूर्या हत्याकाण्डः बाइक विवाद से शुरू हुई दुश्मनी! मुख्य आरोपी असद को बाप नवाब ने उकसाते हुए कहा- आज इसकी कहानी खत्म कर दे और...! जांच में सामने आई हैरान करने वाली बातें
गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्यप्रताप उर्फ सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि एक मामूली बाइक विवाद ने खूनी रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में नवाब, फरहान और आतीक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नवाब उस असद का पिता है, जिसे पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। असद को इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया गया था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। सामने आया है कि हत्या कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि झगड़े के बाद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि 28 मई की दोपहर करीब तीन बजे सूर्या चौहान और असद के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर झगड़ा बढ़ गया। घटना के बाद असद ने अपने पिता नवाब और साथी फरहान को पूरे विवाद की जानकारी दी। इसी के बाद तीनों ने मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, झगड़े के महज आधे घंटे के भीतर हत्या की साजिश तैयार कर ली गई। जांच के दौरान पता चला कि दोपहर लगभग 3ः30 बजे सूर्या को नवनीत विहार की गली नंबर-4 में घेर लिया गया। आरोपियों ने पहले उसे रोका और फिर हमला कर दिया। पुलिस पूछताछ में फरहान ने स्वीकार किया है कि उसने ही असद को वारदात में इस्तेमाल करने के लिए चाकू उपलब्ध कराया था। इसी हथियार से बाद में सूर्या पर जानलेवा हमला किया गया।
आज इसकी कहानी खत्म कर दे, पुलिस जांच में सामने आया सनसनीखेज दावा
मामले की जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि घटना के दौरान असद का पिता नवाब भी मौके पर मौजूद था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई है कि नवाब ने कथित तौर पर अपने बेटे को उकसाते हुए कहा था कि आज इसकी कहानी खत्म कर दे। पुलिस का दावा है कि पिता के कथित उकसावे के बाद असद ने अपना आपा खो दिया और सूर्या पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जांच अधिकारियों के अनुसार असद ने सूर्या के पेट पर कई बार चाकू से हमला किया। अचानक हुए हमले से सूर्या गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके शरीर से काफी खून बहने लगा और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी।
हमले के बाद फरार हो गए आरोपी
पूछताछ में फरहान ने बताया कि हमला करने के बाद आरोपियों को लगा कि सूर्या की मौत हो चुकी है। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उधर, गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। मुख्य आरोपी असद लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह हुई मुठभेड़ में असद मारा गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। पुलिस का कहना है कि असद की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी और मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया था।