सिक्किम टनल हादसा: तीस्ता स्टेज-6 परियोजना की सुरंग ढही, अब तक 8 शव बरामद,25 मजदूरों की जान दांव पर
नामची। सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग (झोलुंगे) इलाके में एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में बड़ा हादसा हो गया है। भीषण भूस्खलन के कारण ढही इस सुरंग के मलबे से बचाव दलों ने अब तक आठ मजदूरों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, सुरंग के गहरे अंधेरे में अभी भी करीब 25 मजदूरों के फंसे होने की गंभीर आशंका है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
नामची जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक बरामद किए गए सभी आठों शवों को शिनाख्त के बाद नजदीकी अस्पतालों में भेज दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी से हुआ अचानक भूस्खलन ही इस तबाही की मुख्य वजह बना, जिसने सुरंग के प्रवेश और निकास द्वारों को बंद कर दिया। घटना के बाद से ही आपदा प्रबंधन टीम हाई अलर्ट पर है। नामची जिला प्रशासन, एनएचपीसी के विशेषज्ञ, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, सिक्किम पुलिस, अग्निशमन व आपातकालीन सेवा तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मी संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। भारी मलबे को हटाने और सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों तक पहुंचने के लिए आधुनिक मशीनों और ऑक्सीजन उपकरणों की मदद ली जा रही है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पूरे घटनाक्रम की पल-पल की रिपोर्ट ले रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरंग के अंदर अंतिम सांसें गिन रहे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों में इस हादसे को लेकर भारी चिंता बनी हुई है, जबकि राहत कर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद दिन-रात अभियान में जुटे हुए हैं।