BIG BREAKING: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग! लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, कहा- सलमान खान संग जो भी काम करेगा उसका...
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है। मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने अभिनेता की कार को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर की शाम जुहू के पुष्पा पार्क के पास हुई। बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। घटना के बाद घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि उन्होंने कथित चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए अभिनेता सलमान खान के साथ काम करना जारी रखा। संदेश में सलमान खान के साथ काम करने वाले फिल्म इंडस्ट्री के अन्य लोगों को भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। संदेश में चेतावनी देते हुए कहा गया कि सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाया जाएगा। गौरतलब है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पहले भी कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है। सलमान खान से जुड़े लोगों को डराने-धमकाने के मामले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना और इसके बाद सामने आए कथित धमकी भरे संदेश ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।