गिरिडीह में सनसनी: ट्रैक्टर मालिक वृद्ध की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, प्राइवेट पार्ट पर भी वार,इलाके में हड़कंप

Shocking incident in Giridih: Elderly tractor owner brutally beaten to death; private parts also struck; panic grips the area.

डुमरी। झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। डुमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 60 वर्षीय वृद्ध की अज्ञात अपराधियों ने लाठी-डंडों और भारी औजारों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान ससारखो पंचायत के बसगोहरा गांव निवासी वासुदेव मंडल (60 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार की सुबह उनका शव पड़ोसी पंचायत बड़कीबेरगी के जन्मबेडा गांव से बरामद किया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और हड़कंप का माहौल है।

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, वासुदेव मंडल के पास खुद का ट्रैक्टर था और वह ट्रैक्टर चलवाने का व्यवसाय करते थे। उनका रोज का नियम था कि वह हर सुबह लगभग 3 बजे अपने घर से बाइक लेकर निकलते थे और ड्राइवर को साथ लेकर काम पर आते-जाते थे। मंगलवार की सुबह भी वह अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। लेकिन उनके निकलने के महज एक-डेढ़ घंटे बाद ही, यानी सुबह करीब 4 बजे, परिजनों को सूचना मिली कि जन्मबेडा गांव में वासुदेव का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने जब वासुदेव का शव देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि वासुदेव की हत्या बेहद सोची-समझी साजिश के तहत और अत्यंत क्रूरता के साथ की गई है। अपराधियों ने उन्हें बेरहमी से डंडों और किसी भारी हथियार से तब तक पीटा जब तक कि उनकी सांसें नहीं थम गईं। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, मृतक के प्राइवेट पार्ट (गुप्तांगों) पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जो हत्यारों की बर्बरता को बयां करते हैं। परिजनों ने शुरुआती तौर पर आशंका जताई है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कोई पुराना जमीनी विवाद हो सकता है। घर के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से रोते-बिलखते हुए मांग की है कि इस क्रूर वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर की सूचना मिलते ही गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत डुमरी के एसडीपीओ  आबिद खान को मौके पर जाकर जांच की कमान संभालने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ आबिद खान और डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत पुलिस बल के साथ तुरंत जन्मबेडा गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि शव के पास ही मृतक की बाइक भी किनारे खड़ी मिली है, जिससे पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अपराधियों ने वासुदेव को रोककर इस घटना को अंजाम दिया या कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया। दौरान एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि वासुदेव मंडल नामक अधेड़ की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस की टीमें हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही हैं। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है कि मृतक की किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी थी या नहीं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।