शिकोहाबाद एनकाउंटरः पुलिस पर गोली दागने वाले दोनों शातिर बदमाश ढेर! एनकाउंटर से पहले स्कूल में घुसा बदमाश, मचा हड़कंप

Shikohabad Encounter: Both notorious criminals who fired at the police gunned down! Before the encounter, a criminal entered a school, causing panic.

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस से बचकर भाग रहा एक बदमाश सीधे एक प्राथमिक विद्यालय में घुस गया। विद्यालय में उस समय कक्षा दो के छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अचानक बदमाश के स्कूल परिसर में पहुंचने से शिक्षक और बच्चे घबरा गए। हालांकि शिक्षक की सूझबूझ और संयम के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। कुछ ही देर बाद विद्यालय के बाहर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आरोपी मारे गए। घटना थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नेम खेरिया की है। जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण सहायक अध्यापक सत्यपाल सिंह विद्यालय परिसर में कक्षा दो के करीब आठ बच्चों को बैठाकर पढ़ा रहे थे। इसी दौरान पुलिस से बचकर भाग रहा एक बदमाश अचानक स्कूल परिसर में घुस आया। शिक्षक ने बताया कि पहले तो उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर मामला क्या है। उन्होंने बदमाश से पूछा कि वह स्कूल के अंदर क्यों आया है, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। शिक्षक ने स्थिति को समझते हुए शांतिपूर्वक बदमाश से विद्यालय छोड़कर जाने के लिए कहा। बदमाश ने भी बिना किसी विरोध के उनकी बात मान ली और कुछ ही क्षण बाद स्कूल की दीवार फांदकर वहां से निकल गया। इसी बीच सादे कपड़ों में चार पुलिसकर्मी दो बदमाशों का पीछा करते हुए विद्यालय तक पहुंच गए। एक बदमाश दीवार कूदकर भाग निकला, जबकि दूसरा कुछ देर तक स्कूल परिसर में ही खड़ा रहा। शिक्षक ने उसे भी बाहर जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह मुख्य गेट से बाहर निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद पुलिस और दोनों बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को मार गिराया। इस दौरान विद्यालय में मौजूद सभी बच्चे और शिक्षक सुरक्षित रहे, लेकिन घटना ने सभी को बुरी तरह डरा दिया। पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो वांछित बदमाश सवार हैं। सूचना मिलते ही इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, दोनों बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने एसओजी टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के बीच दोनों आरोपी गांव की ओर भाग निकले और बचने के प्रयास में विद्यालय के आसपास पहुंच गए। एसओजी टीम लगातार उनका पीछा करती रही। कुछ देर बाद गांव के बाहरी इलाके में पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित और अंकित उर्फ सीपू, निवासी इटावा, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी 3 जुलाई को इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल थे। उस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि सुमित और अंकित फरार चल रहे थे। इस मुठभेड़ के दौरान एसओजी के दो जवान डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल डेविड चौहान को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल जवान का उपचार जारी है। घटना के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।