सनसनीखेजः नैनीझील से फिर मिला युवक का शव! एक सप्ताह में तीसरी घटना से दहशत, लापता होटल कर्मचारी के रूप में हुई पहचान

Sensational: Body of a young man found in Naini Lake again! Panic ensues following the third such incident in a week; identified as a missing hotel employee.

नैनीताल। नैनीताल की प्रसिद्ध नैनीझील से शव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों ठंडी सड़क क्षेत्र से दो लोगों के शव बरामद होने के बाद मंगलवार को एक और युवक का शव झील से मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार दोपहर के समय ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप कुछ स्थानीय लोगों ने नैनीझील में एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मृतक का एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें कुछ निजी सामान मिला है। पुलिस ने बैग और उसमें मिले सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान नैनीताल के सात नंबर क्षेत्र निवासी प्रकाश चंद्र आर्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद्र शहर के एक पर्यटक होटल में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह शनिवार रात करीब आठ बजे के बाद अचानक लापता हो गया था। रात नौ बजे के बाद उसका मोबाइल लगातार बंद आने लगा, जिसके बाद परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जब काफी खोजबीन के बाद भी प्रकाश चंद्र का पता नहीं चला तो परिजनों ने मल्लीताल कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को झील से मिले शव की पहचान उसी युवक के रूप में होने से परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत हादसे में हुई, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इधर नैनीझील से लगातार शव मिलने की घटनाओं ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।