मसूरी में सनसनी: होमगार्ड की पत्नी ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, 7 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह,जांच में जुटी पुलिस
पर्यटन नगरी मसूरी के लाइब्रेरी-किंग्रेग मार्ग पर स्थित हुसैनगंज इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक शादीशुदा महिला ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। देर रात फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी के अनुसार मसूरी शहर के लाइब्रेरी–किंग्रेग मार्ग स्थित हुसैनगंज क्षेत्र में एक महिला ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर रात फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका के पति होमगार्ड में तैनात हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनकी शादी को अभी सात वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार प्रशासन की निगरानी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी चुनरी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या की। घटनास्थल की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस इस मामले में पारिवारिक, सामाजिक और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही परिजनों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ भी की जाएगी, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी तथ्यों की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।