रुद्रपुर में राजनीति के अलग रंगः कांग्रेस पार्षद को भाजपा मेयर की चिंता! एसएसपी से मुलाकात कर महापौर के लिए मांगी अतिरिक्त सुरक्षा, लिंक में पढ़ें क्या है पूरा मामला?
रुद्रपुर। कहते हैं राजनीति में कोई किसी का सगा नहीं होता है, लेकिन ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सियासत का अलग ही रंग देखने को मिला है। दरअसल, आज शुक्रवार को कांग्रेस पार्षद चिराग कालरा ने एसएसपी से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा। पत्र मंे चिराग कालरा ने मेयर विकास शर्मा को अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की मांग की। चिराग कालरा ने पत्र में कहा कि वर्तमान समय में शहर के कुछ क्षेत्रों में सांप्रदायिक माहौल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है, जिससे कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, ऐसे संवेदनशील परिस्थितियों में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। पत्र में आगे कहा गया कि मेयर विकास शर्मा शहर के एक प्रमुख जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहते हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।
मांस की बिक्री पर प्रतिबंध, लोगों में आक्रोश
इधर नवरात्रि के मौके पर निगम क्षेत्र में मांस की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के मामले को लेकर लोगों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस दौरान जहां कारोबारियों में चिंता देखने को मिल रही है, वहीं मीट की बिक्री पर रोक लगने से लोगों में भी आक्रोश दिख रहा है। लोगों का कहना है कि रुद्रपुर में सर्वसमाज के लोग रहते हैं, ऐसे में एक तरफा नियम थोपना गलत है। वहीं होटल और मीट कारोबारियों को अपने नुकसान की चिंता सता रही है। कुछ मीट कारोबारियों का कहना है कि प्रतिबंध के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है।