रुद्रपुर पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': 45 लाख की स्मैक के साथ बरेली का तस्कर गिरफ्तार, नशा माफियाओं में हड़कंप

Rudrapur Police's 'Operation Prahar': Bareilly Smuggler Arrested with Smack Worth ₹45 Lakh; Panic Grips Drug Mafia

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एएनटीएफ और ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने सिडकुल ढाल के पास घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को दबोचा है। आरोपी के पास से 150 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील कुमार (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वर्तमान में वह रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सुनील एक फैक्ट्री में काम करने की आड़ में स्मैक की तस्करी कर रहा था। वह दिन में सामान्य मजदूर की तरह काम करता था और रात के अंधेरे में युवाओं तक नशा पहुँचाने का काम करता था। पुलिस टीम अटरिया-सिडकुल रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार सुनील पुलिस को देखकर घबरा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 150 ग्राम स्मैक, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में सुनील ने स्वीकार किया कि वह यह स्मैक रुद्रपुर के ही फुलसुंगी निवासी आशु ठाकुर से लेकर आता था। पुलिस अब मुख्य सप्लायर आशु ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि सुनील का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2014 में पंतनगर क्षेत्र में चोरी की वारदातों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने इस कामयाबी पर पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है और 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशे की बिक्री होती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।