रुद्रपुर नगर निगम का फरमानः सावन माह में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बंद रहेंगी मांस-मछली और अंडे की दुकानें! महापौर ने जारी किए निर्देश, चलेगा विशेष सफाई अभियान

Rudrapur Municipal Corporation's directive: Shops selling meat, fish, and eggs to remain closed along the Kanwar Yatra route during the month of Sawan! The Mayor has issued instructions, and a specia

रुद्रपुर। श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम रुद्रपुर ने एक फरमान सुनाया है। नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन माह के दौरान मांस, मछली और अंडे की दुकानें बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख शिव मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए लिया है। गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा से मुलाकात कर श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुविधा और धार्मिक भावनाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सावन के महीने में हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार समेत विभिन्न तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली और अंडे की दुकानों के खुले रहने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होने की आशंका रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमित स्वच्छता अभियान चलाने तथा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग रखी। इसके अलावा जिला प्रशासन से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का आग्रह किया गया। महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन माह के दौरान मांस, मछली और अंडे की दुकानें बंद रखी जाएं। साथ ही प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ यात्रा मार्गों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाकर नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। महापौर ने कहा कि श्रावण मास शिवभक्तों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करता है और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे सावन माह में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा समेत विहिप और बजरंग दल के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।