रुद्रपुरः नशे के सौदागरों पर एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई! 28 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, वीआईपी पर्दे लगी बोलेरो से हो रही थी तस्करी

Rudrapur: Major crackdown by ANTF on drug/liquor smugglers! 28 cases of illicit Indian-Made Foreign Liquor (IMFL) seized; smuggling was being carried out using a Bolero fitted with VIP curtains.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से 28 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहन में वीआईपी जैसे सफेद पर्दे लगाए गए थे, ताकि बाहर से देखने पर वाहन संदिग्ध नजर न आए। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी के निर्देश और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन सर्किल रुद्रपुर वैभव सैनी के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ और रुद्रपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात टीम की ओर से भूरारानी जाने वाले कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बोलेरो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन की जांच करने पर उसमें अंग्रेजी शराब की 28 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल वाहन चालक को हिरासत में ले लिया और शराब को कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश सिंह गुरौ पुत्र गंगा सिंह गुरौ, निवासी ग्राम पाबै, थाना गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध अंग्रेजी शराब को तस्करी के लिए ले जा रहा था। हालांकि, शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो वाहन को सीज कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तस्करी का तरीका भी सामने आया है। आरोपी ने बोलेरो वाहन में वीआईपी जैसे सफेद रंग के पर्दे लगा रखे थे। माना जा रहा है कि इन पर्दों की वजह से वाहन के अंदर रखी शराब की पेटियां बाहर से दिखाई नहीं देती थीं और वाहन को सामान्य या वीआईपी वाहन जैसा दिखाकर पुलिस की नजर से बचने का प्रयास किया जा रहा था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी तेल मिल प्रियांशु जोशी, हेड कांस्टेबल एएनटीएफ भुवन चंद्र पांडेय, विनोद खत्री एएनटीएफ, हरीश बिष्ट और सूरज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।