रुद्रपुर गैंगरेप केसः आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश! लोगों में जबरदस्त आक्रोश, तीनों आरोपियों की पहचान होने की चर्चा

Rudrapur gang-rape case: Rapid raids underway to arrest the accused! Massive public outrage; talk of the three accused having been identified.

रुद्रपुर। रुद्रपुर गैंगरेप केस में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। वहीं रविवार देर शाम पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस दौरान एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुकायना किया। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। सूत्रों की मानें तो इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है। वहीं सूत्रों के मुताबिक पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई है, जो संभवतः पीड़िता के दोस्त की बताई जा रही है। इधर इस घटना को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की है। बता दें कि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रहने वाली एक युवती शनिवार देर शाम अपने दोस्तों के साथ घूमने निकली थी। बताया जाता है कि देर रात भूरारानी गेट के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने पीड़िता और उसके दोस्तों को घेर लिया और उन्हें बंधक बनाकर उन्हीं की बाईक से अज्ञात स्थान पर ले जाने लगे। इसी दौरान एक युवती और युवक ने बाइक से छंलाग लगा दी, जबकि पीड़िता और उसके दोस्त को तीनों अज्ञात आरोपी आगे ले जाने लगे। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट करते हुए उसे वहां से भगा दिया और उसका मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को लेकर अज्ञात स्थान पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। इधर आरोपियों के चंगुल से छुटकर आए पीड़िता के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी और पूरी कहानी बताई। रविवार सुबह-सुबह पीड़िता मेट्रोपॉलिस अंडरपास के पास से बरामद हुई।