नैनीताल में क्रिकेट विवाद के बाद सुलहः पुलिस बैरिकेडिंग, हनुमान चालीसा पाठ और प्रशासनिक बातचीत के बाद शुरू हुई प्रतियोगिता
नैनीताल। खेल मैदान में आयोजित पृथ्वीराज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार आपसी सहमति के बाद समाप्त हो गया है। आज नगर पालिका, जिला खेल संघ (डीएसए) और खेल विभाग के बीच सहमति बनने के बाद प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया। हालांकि दिन की शुरुआत काफी तनावपूर्ण माहौल के साथ हुई। सुबह के समय संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने खेल मैदान के सभी एंट्री प्वाइंट्स पर बैरिकेडिंग लगा दी, जिससे खेल प्रेमियों में भारी रोष देखने को मिला। दर्शकों को मैदान में प्रवेश न मिलने के कारण एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई और माहौल गरमा गया। इस बीच नगर पालिका प्रशासन और खेल प्रेमी क्रिकेट पिच पर हनुमान चालीसा का जाप करते हुए नजर आए, जिससे स्थिति और अधिक चर्चा में आ गई। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष की गाड़ी को फ्लैट्स मैदान में जाने से रोके जाने पर नाराजगी और बढ़ गई। इसके विरोध में पार्किंग मार्ग को कूड़ा ढोने वाले वाहनों से अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी और उप जिलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक चली बातचीत और मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया कि पृथ्वीराज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन नगर पालिका, डीएसए और खेल विभाग संयुक्त रूप से करेंगे। आपसी सहमति के बाद माहौल शांत हुआ और प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने पिच पर बैटिंग कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, जबकि जिला खेल अधिकारी ने बॉलिंग कराकर टूर्नामेंट की शुरुआत कराई। संयुक्त संचालन के निर्णय के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने राहत की सांस ली है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रतियोगिता शांतिपूर्ण और खेल भावना के साथ संपन्न हो।