रामनगर मांस प्रकरणः बाहर इंतजार करती रही पुलिस और स्कूटी से सीधे कोतवाली के अंदर पहुंच गए बीजेपी नेता मदन जोशी! किया आत्मसमर्पण
रामनगर। रामनगर मांस प्रकरण में आज मंगलवार को उस समय नया ट्विस्ट आ गया जब लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और हिन्दूवादी नेता मदन जोशी ने कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। बता दें कि पुलिस मदन जोशी को कई दिनों से तलाश रही थी और जगह-जगह दबिश दे रही थी। जानकारी के अनुसार पुलिस को अंदेशा था कि मदन जोशी आत्मसमर्पण करने आ सकते हैं, इसलिए कोतवाली के बाहर से उनकी गिरफ्तारी की योजना बनाई गयी थी। लेकिन मदन जोशी अलग ही रास्ते से स्कूटी पर सवार होकर सीधे कोतवाली के अंदर पहुंच गए, जिससे पुलिस को भनक तक नहीं लगी। अंदर पहुंचते ही उन्होंने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। आत्मसमर्पण की खबर फैलते ही कई भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और विधायक दीवान सिंह बिष्ट भी कोतवाली पहुंचे। इस मौके पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मदन जोशी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, नगर के मंडल अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए मदन जोशी ने आज स्वयं समर्पण किया है। इससे पहले मदन जोशी ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे गलत और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने पहले जिन लोगों के नाम पुलिस को दिए थे, उनकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं मदन जोशी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके परिवार को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया है।