हल्द्वानी में अधिवक्ता परिषद के प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ,केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित 200 से अधिक अधिवक्ता हुए शामिल
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद स्थित एफटीआई परिसर में शुक्रवार से अधिवक्ता परिषद देवभूमि उत्तराखंड के दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ हो गया। अधिवेशन का उद्घाटन केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने संयुक्त रूप से किया।
अधिवेशन में प्रदेशभर से 200 से अधिक अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान आपराधिक न्याय प्रणाली (क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम) में हाल के वर्षों में हुए बदलावों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में कानूनों और विधिक प्रावधानों में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। अधिवेशन का उद्देश्य अधिवक्ताओं को इन बदलावों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके प्रभावों से अवगत कराना है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।
द्विदिवसीय अधिवेशन के दौरान विभिन्न विधि विशेषज्ञों ने अधिवक्ताओं को नवीन कानूनी प्रावधानों, न्यायिक प्रक्रियाओं और समसामयिक विधिक विषयों पर जानकारी दी। अधिवक्ता परिषद देवभूमि उत्तराखंड की अध्यक्ष जानकी सूर्या ने बताया कि केंद्रीय मंत्री, सांसद तथा अन्य वक्ताओं ने अधिवक्ताओं के समक्ष कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए, जो विधि जगत के लिए अत्यंत उपयोगी और मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।