महादेव की भक्ति में रमे पीएम मोदी: शंखनाद और डमरू की थाप के बीच लहराया त्रिशूल,काशी को दी 6,600 करोड़ की सौगात
वाराणसी। काशी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार को अध्यात्म और विकास का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। सुबह 'सर्वार्थ सिद्धि योग' के शुभ मुहूर्त में पीएम मोदी ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का विधिवत पूजन-अभिषेक किया। मंदिर प्रांगण में जब 108 बटुकों ने एक साथ शंखनाद किया, तो पूरी काशी भक्ति के सागर में सराबोर हो गई।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद जब प्रधानमंत्री मंदिर से बाहर निकले, तो उन्होंने जनसमूह का अभिवादन त्रिशूल लहराकर किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' और 'जय श्री राम' के जयघोष से आसमान गुंजा दिया। इस दौरान पीएम ने वहां मौजूद छोटे बच्चों से बात की और उन पर दुलार लुटाया। पुजारियों ने प्रधानमंत्री को पीतवस्त्र भेंट किए और मंगल कामना की। इससे पहले, काशी की सड़कों पर जन-सैलाब उमड़ पड़ा। प्रधानमंत्री ने लगभग 14 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला, जिसमें 3 किलोमीटर का हिस्सा अत्यधिक संवेदनशील रहा। पूरी राह जनता ने छतों और सड़कों से अपने 'प्रधानसेवक' पर पुष्पवर्षा की। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और कई रूटों पर डायवर्जन लागू किया गया। प्रधानमंत्री ने केवल आध्यात्मिक उपस्थिति ही दर्ज नहीं कराई, बल्कि काशीवासियों के जीवन को सुगम बनाने के लिए 6,632 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की झड़ी लगा दी। गंगा नदी पर मालवीय पुल के बगल में बनने वाला रेल-रोड ब्रिज (2,464 करोड़), जो भविष्य की परिवहन जरूरतों को पूरा करेगा। इसके अलावा कबीरचौरा में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल और नगरीय सीवरेज सिस्टम की नींव रखी गई। पीएम मोदी ने अस्सी से दशाश्वमेध और त्रिपुरा भैरवी घाटों के जीर्णोद्धार के लिए करोड़ों के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया। वहीं, स्वास्थ्य क्षेत्र में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में रोबोटिक शल्य चिकित्सा प्रणाली और चोलापुर में 50 बेड के फील्ड अस्पताल जैसी सुविधाओं से पूर्वांचल को बड़ी राहत मिलेगी। महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम ने नारी शक्ति की भागीदारी को सराहा। हवाई अड्डे पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा स्वागत के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे दौरे के दौरान उनके साथ रहकर विकास कार्यों की कमान संभाली।