पीएम मोदी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को दी जन्मदिन की बधाई, बताया- 'युवा और ऊर्जावान नेता'
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जन्मदिन के अवसर पर आज देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नितिन नवीन के संगठनात्मक कौशल, ऊर्जा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण की जमकर सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक बेहद गर्मजोशी भरा संदेश साझा करते हुए नितिन नवीन को 'युवा और ऊर्जावान नेता' बताया। पीएम मोदी ने लिखा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। एक युवा और ऊर्जावान नेता के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सशक्त करने के लिए स्वयं को पूर्ण समर्पण के साथ समर्पित किया है उनकी सोच, ऊर्जावान नेतृत्व और संगठनात्मक कार्य व प्रशासन की गहरी समझ ने उन्हें व्यापक सम्मान दिलाया है। उनका कार्य सेवा और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राष्ट्र की निरंतर सेवा के लिए मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने भी नितिन नवीन के सरल व्यक्तित्व और कार्यशैली की प्रशंसा की। अमित शाह ने अपने पोस्ट में कहा, "आपका सरल व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं में सेवा व कर्त्तव्य भाव को बढ़ावा देने का सतत प्रयास, पार्टी को और भी सशक्त बनाता रहेगा। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना करता हूं।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नितिन नवीन के नेतृत्व को कम समय में मिली बड़ी पहचान के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "युवा और ऊर्जावान नेतृत्व के रूप में आपने कम समय में ही अपनी सक्रिय कार्यशैली, संगठनात्मक समझ और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता से सभी के बीच विशेष पहचान बनाई है। संगठन को मजबूत करने के प्रति आपका समर्पण और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत सराहनीय है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नवीन को 'युवा ऊर्जा का प्रतीक' बताते हुए बधाई दी। उन्होंने लिखा, "आपके कुशल नेतृत्व में संगठन और सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं में 'राष्ट्र प्रथम' का भाव और सुदृढ़ हुआ है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन की प्राप्ति हो। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी भाजपा अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा, "आपकी दूरदर्शी सोच और समर्पित कार्यशैली से संगठन निरंतर सशक्त हो रहा है। आपका प्रेरणादायी मार्गदर्शन हम सभी कार्यकर्ताओं को सदैव नई ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। नितिन नवीन के जन्मदिन पर मिले इन संदेशों से स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व और सांगठनिक क्षमता को बेहद उच्च स्तर पर सराहा जा रहा है। देश भर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस अवसर पर उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।