पाक-अफगान जंगः काबुल से कंधार तक किया एयरस्ट्राइक! धमाकों के दहले लोग, पाकिस्तान ने चलाया ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’
नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। आज शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल और अफगानिस्तान के दो अन्य प्रांतों में हवाई हमले किए। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई जब कुछ घंटे पहले ही अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर सीमा पार हमला किया था। काबुल में कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी गई, लेकिन हमलों की सटीक जगह और किसी के हताहत होने की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। इस बीच अफगान तालिबान की तरफ से डूरंड लाइन के आसपास स्थित पाकिस्तान सेना के दो बेस समेत 19 पोस्ट पर कब्जे का दावा किया गया है। इस बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तानी सेना ने अफगान क्षेत्र में घुसपैठ कर महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया था। इसी के जवाब में शुक्रवार रात पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में स्थित पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर भारी गोलाबारी की गई। अफगान पक्ष का दावा है कि करीब चार घंटे चली इस लड़ाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। साथ ही दो सैन्य बेस और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया। बयान के मुताबिक पक्तिका, पक्तिया, खोस्त, नंगरहार, कुनार और नूरिस्तान प्रांतों के पास डुरंड लाइन पर ये हमले किए गए। अफगान रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि ऑपरेशन के दौरान कई हल्के और भारी हथियार, गोला-बारूद और सैन्य उपकरण जब्त किए गए। एक टैंक को नष्ट करने और एक बड़े सैन्य वाहन को कब्जे में लेने का भी दावा किया गया है। मंत्रालय के अनुसार आठ अफगान लड़ाके मारे गए और 11 घायल हुए हैं, हालांकि इन दावों की पाकिस्तान की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि इस झड़प में पाकिस्तान के दो सैनिक मारे गए और तीन घायल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 36 अफगान लड़ाके भी मारे गए। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की तरफ से बिना उकसावे की गई फायरिंग का पाकिस्तान मजबूत और प्रभावी जवाब दे रहा है।
तालिबान का दावा: पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट अफगान बॉर्डर पर गिराया
अफगानिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान 'टोलो न्यूज' के अनुसार, अफगान सेना ने अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) का उल्लंघन करने वाले एक पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट को मार गिराया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर जलते हुए विमान की तस्वीर वायरल हो रही है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया नहीं आई है। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अफगानिस्तान के एयरस्पेस में घुसे एक पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट को अफगान सेना ने मार गिराया है। सोशल मीडिया पर एक जलते हुए प्लेन के मलबे का बिना वेरिफाई किया हुआ वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें दावा किया गया है कि यह एक पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट है जिसे अफगान सेना ने मार गिराया है।